चित्तू पांडेय चौराहा स्थित एटीमए पर लगी उपभोक्ताओं की कतारें।
नोटबंदी के आदेश को एक महीने हो गए हैं, लेकिन लोगों की मुश्किलें कम नहीं हुई है। अगले तीन दिनों तक बैंकों में बंदी से लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। इसके मद्देनजर शुक्रवार को सुबह से ही बैंक और एटीएम के बाहर लोगों की लंबी कतार लग गई थी। लेकिन फिलहाल उन्हें राहत मिलता नहीं दिख रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने नोटबंदी का फरमान जारी करने के बाद आम जनता से 50 दिन मांगे थे, लेकिन अभी तक लोगों की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही है। तीन दिन बैंक बंद रहने से आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। पिछले सप्ताह दो दिनों की बंदी के बाद शनिवार से तीन दिन तक बैंक फिर बंद रहेंगे।
शनिवार, रविवार के बाद सोमवार को बारावफात का अवकाश रहेगा। इस दौरान एटीएम पर भी भरोसा करना सहीं नहीं है। जिले भर में करीब दो सौ एटीएम संचालित हो रहे हैं, लेकिन इसमें 70 फीसदी एटीएम इन दिनों बंद पड़े हुए हैं। उनमें पैसे की निकासी नहीं हो रही है। विगत दिनों नगरीय क्षेत्र में पड़ताल की गई तो यहां मात्र 10 फीसदी एटीएम ही खुले रहे, जिसमें पैसे की निकासी हो सकी। अब जब शनिवार से तीन दिनों के लिए बैंक बंद होंगे तो लोगों के समक्ष कैश की समस्या उत्पन्न हो सकती है। शुक्रवार को देर शाम तक नगरीय क्षेत्र के सेंट्रल बैंक, बैंक आफ बड़ौदा, एचडीएफसी बैंक का एटीएम खुला रहा।