गड़वार ब्लाक के छतवा गांव में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद बैरिकेडिंग कराने पहुंची टीम।
- फोटो : BALLIA
रतसर। विकास खण्ड गड़वार के छतवां गांव में दिल्ली से आये परिवार के कोरोना संक्रमित पाये जाने के बाद गुरूवार को सील किये गये संक्रमित क्षेत्र से असमाजिक तत्वों ने बांस-बल्ली हटा दिया है। इससे संक्रमित क्षेत्र में जाने वाला रास्ता खुल गया है। शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी डॉ. राकिफ अख्तर के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्र में जांच व स्क्रीनिंग के लिए पहुंची तो रास्ता खुला देख दंग रह गई।
ग्रामीणों ने बताया कि जिस दिन स्वास्थ्य विभाग की टीम आई थी, बस उसी दिन बांस-बल्ली से सड़क घिरी दिखी। सूचना के बाद भी इस तरफ ना तो ग्राम प्रधान ध्यान दे रहा है और न ही ब्लाक स्तर से कोई अधिकारी गांव में पहुंचा है। इधर संक्रमित परिवार के परिजनों की शिकायत है कि 12 जून को पहले संक्रमित मरीज के यहां से अस्पताल जाने और उसके छ: दिन बाद गुरूवार को पूरे परिवार के संक्रमित पाये जाने के बाद हम लोगों को भी खाने-पीने की आवश्यक चीजों के लाले पड़ गये हैं। कोई दूकानदार हमें सामान नहीं दे रहा है। प्रशासन एवं ग्राम प्रधान की तरफ से भी अबतक कोई मदद नहीं मिली है। संक्रमित क्षेत्र में स्क्रीनिंग के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम स्थानीय सेंट्रल बैंक की शाखा पर पहुंची और जांच रिपोर्ट के पूर्व संक्रमित मरीज के संपर्क में आए बैंक के कर्मचारियों की जांच कर आवश्यक निर्देश दिये और सैम्पलिंग के लिए लिस्ट तैयार की। जांच टीम में जिला सर्विलांस के सदस्य धनेश पाण्डेय, बीसीपीएम अनिल कुमार एवं लैब टेक्निशयन युसूफ अंसारी, संतोष यादव सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजुद रहे।