विद्युत उपकेंद्र बांसडीह के अलावा क्षेत्र को जल्द ही एक नया विद्युत उपकेंद्र मिलने वाला है। इसका निर्माण कार्य अब अपने अंतिम दौर में है। विद्युत उपकेंद्र के तैयार होते ही तहसील सहित कसबे को 20 घंटे बिजली मिलेगी। इसके लिए शासन ने निर्देश जारी कर दिया है। बिजली के लिए बिलबिला रहे लोगों में शासन के इस फरमान से खुशी है।
बांसडीह तहसील और कसबा में विद्युत आपूर्ति 20 घंटा करने के लिए शासन ने फरमान जारी किया है। शासन के फरमान को पूरा करने के लिए विभाग बांसडीह में बन रहे नये विद्युत उपकेंद्र के निर्माण कार्य को तेज कर दिया है। जल्द ही यह विद्युत उपकेंद्र बनकर तैयार हो जाएगा। इस नए विद्युत उपकेंद्र में सीधे दीघार स्थित विद्युत प्लांट से 33 हजार वोल्ट की सप्लाई दी जायेगी। यहां चार फीडर 11-11 हजार वोल्ट का लगाए जा रहे हैं। जिसमें से एक फीडर दीघार से आने वाले विद्युत आपूर्ति के लिए, दूसरा फीडर केवल सरकारी संस्थानों और तीसरा फीडर कसबे के लिए लगाया गया है। वहीं चौथा फीडर अतिरिक्त इमरजेंसी के लिए रखा जाएगा। अलग-अलग फीडरों की संख्या बढ़ने से उपकेंद्र पर लोड भी कम पड़ेगा। जिससे क्षेत्र के शासन के मंशा के मुताबिक बिजली आपूर्ति की जा सकेगी। सब कुछ ठीक रहा तो तहसील के साथ ही कसबे के लोगों को जल्द ही 20 घंटे बिजली मिलने लगेगी।