ओडीओपी के तहत एक व्यंजन में चयनित सत्तू का लड्डू। जागरुक पाठक
बलिया। उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में आयोजित किया जाएगा।
इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के प्रमुख उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें बलिया का चना सत्तू लगातार चौथी बार अपनी उपस्थिति दर्ज कराने जा रहा है। निधि उद्योग के फाउंडर सौरभ अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से इस ट्रेड शो में बलिया का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं और इस वर्ष भी बलिया चना सत्तू के साथ प्रतिभाग करेंगे। बलिया के चना सत्तू को वर्ष 2025 में ओडीओपी व वन डिस्टिक प्रोडक्ट में शामिल किए जाने के बाद इसे नई पहचान मिली है। इस बार ट्रेड शो में चना सत्तू के साथ इससे तैयार किए गए सत्तू लड्डू और सत्तू लस्सी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
इसमें उत्तर प्रदेश के 75 जिलों के प्रमुख व्यंजनों से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे। इसमें बलिया की ओर से चना सत्तू से तैयार सत्तू के लड्डू और सत्तू की लस्सी का स्टॉल लगाया जाएगा। स्टॉल के माध्यम से बलिया के पारंपरिक सत्तू को नए स्वरूप और आधुनिक प्रस्तुति के साथ देश-दुनिया के सामने पेश किया जाएगा। इसका प्रतिनिधित्व व्यवसायी सौरभ अग्रवाल करेंगे।
बलिया के सत्तू को वर्ष 2025 में ओडीओपी में प्रदेश सरकार ने शामिल किया था। ऑनलाइन बाजार के माध्यम से भी सत्तू को अलग-अलग शहरों के उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जा रहा है। सौरभ अग्रवाल ने बताया कि सत्तू की डिमांड इधर देशभर में काफी बढ़ने लगी है। इस बार ‘एक व्यंजन’ के विशेष हॉल में सत्तू के लड्डू और सत्तू की लस्सी प्रस्तुत की जाएगी। हमारा प्रयास है कि बलिया के पारंपरिक सत्तू को उसकी मूल पहचान के साथ आधुनिक उत्पादों के रूप में भी देशभर के बाजार तक पहुंचाया जाए।