बलिया। गाजीपुर पुलिस और आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन यूसुफपुर-ढोढ़ाडीह के मध्य करीब 200 मीटर रेलवे लाइन के ऊपर लगे कॉपर ओएचई वायर चोरी करने के मामले में चितबड़ागांव के पांच चोरों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही तीन अन्य आरोपी फरार बताए गए हैं। आरोपियों से एक लाख रुपये से ज्यादा के तार भी बरामद किए गए हैं।
यूसुफपुर-ढोढाडीह रेलवे स्टेशन के बीच चार काटने की सूचना पर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए निरीक्षक आरपीएफ गाजीपुर सिटी अमित कुमार राय और निरीक्षक सीआईबीअभय कुमार राय के नेतृत्व में टीम बनाई गई थी। मुखबिर की सूचना पर 24 घंटे के अंदर थाना करीमुद्दीनपुर के सहयोग से शुक्रवार देर रात करीमुद्दीनपुर गोशाला रोड से गोलू कुमार विश्वकर्मा, अभिषेक राजभर, सोहन राजभर, अजय गौड़ निवासी चितबड़ागाव के साथ माल खरीदने वाले बर्तन दुकानदार रितेश्वर प्रसाद, वाहन चालक सत्येंद्र कुमार निवासी मानपुर थाना चितबाड़ागांव को गिरफ्तार कर लिया। टेंपो से चोरी किए हुए 6 बंडलों में करीब 200 मीटर कटनेरी वायर बरामद किया गया है। चोरी में शामिल तीन अभियुक्त राहुल ठठेरा, गणेश राजभर, शंकर ठठेरा फरार हैं।