बैरिया। सामुदायिक शौचालयों के संचालन में स्वयं सहायता समूह के चयन में मनमानी का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने प्रदर्शन किया। आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बुधवार को ब्लॉक कार्यालय पर नारेबाजी की और एडीओ पंचायत को ज्ञापन सौंपा।
समूह की महिलाओं ने कहा कि सामुदायिक शौचालयों के रख रखाव का जिम्मा पुराने स्वयं सहायता समूह के स्थान पर नया समूह का गठन कर उन्हें सौंपा जा रहा है। बताया कि बैरिया विकासखंड के गांवों में पहले से 80 स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं। ऐसे में उन समूह को जिम्मेदारी देने के स्थान पर प्रधानों के कहने पर नया समूह का गठन सचिवों द्वारा करा कर उन्हें दायित्व सौंप दिया गया। एडीओ पंचायत अवधेश कुमार पांडेय ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। ज्ञापन देने वालों में अनीता देवी, रेखा देवी, ममता, सुषमा आदि रहीं।