सिकंदरपुर/नवानगर। नदी के जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र के खरीद व दरौली घाटों के मध्य सरयू नदी पर निर्मित पैंटून ब्रिज पर बृहस्पतिवार को प्रशासन द्वारा आवागमन बंद कर दिया गया है। इससे लोगों को नदी पार करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही पीडब्लूडी विभाग द्वारा रेत पर बिछाई गई लोहे की चादर को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।
उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर अभय कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को अचानक पीपा पुल का जायजा लेने पहुंच गए, जहां उन्होंने देखा कि जलस्तर में वृद्धि के बाद भी लोग पीपा पुल से इस पार से उस पार आवागमन कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने मौके पर उपस्थित कर्मचारियों से स्थिति की जानकारी ली। कर्मचारियों ने बताया कि पीपा पुल के बाद रेत पर लोहे का चादर लगाया गया है। जिस पर उन्होंने कर्मचारियों को तत्काल लोहे की चादर हटाने का निर्देश दिया। साथ उन्होंने नदी के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कराते हुए पीपा पुल बंद होने की सूचना लगवाया। उन्होंने पीपा पुल से कोई भी व्यक्ति आवागमन न करे इसके लिए दो सिपाहियों की तैनाती भी कर दी।