Ballia Crime News: बलिया जिले में महावीर झंडा जुलूस के दौरान मानक के विपरीत डीजे बजाने के मामले में पुलिस ने तीन डीजे संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बलिया जिले के कस्बा में बीते दिनों निकाले गए महावीर झंडा जुलूस के दौरान मानक के विपरीत डीजे बजाने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने तीन डीजे संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन
चौकी प्रभारी ज्ञान प्रकाश तिवारी की तहरीर पर प्रेम डीजे (संचालक अनिल कुमार पुत्र प्रेम कुमार, निवासी थाना कोतवाली जनपद मऊ), बाबू जलालीपुर मनियर रोड कस्बा सिकंदरपुर अज्ञात डीजे संचालक, तथा राघव पट्टी भीटी स्थित एक अन्य अज्ञात डीजे कैबिनेट संचालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
बताया जा रहा है कि डीजे के संचालन को लेकर प्रशासन द्वारा कई बार दिशा-निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद उक्त तीनों डीजे आयोजनों में उच्च ध्वनि सीमा से अधिक स्तर पर बजते पाए गए। मामले की पूरी वीडियोग्राफी कराई गई थी।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर रजनीश कुमार यादव ने बताया कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद डीजे संचालकों ने मानकों का उल्लंघन किया। जांच उपरांत तीनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।