बलिया कलेक्ट्रेट परिसर में विधायक द्वारा कांवड़ यात्रा को लेकर दिए गए बयान को लेकर लोगों में आक्रोश है। इसका विरोध करते हुए युवकों ने जमकर नारेबाजी की।
बीते दिनों बलिया कलेक्ट्रेट परिसर में समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित आरक्षण दिवस एवं संविधान मान स्तंभ दिवस कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी द्वारा कांवड़ यात्रियों को 'अनपढ़ गवार और अंधविश्वासी' कहे जाने के बयान को लेकर भारी विरोध जारी है।
विज्ञापन
मंगलवार को विधायक के पैतृक गांव सिवान कला में आक्रोशित ग्रामीणों ने जुलूस निकालकर नारेबाजी की और विधायक का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विधायक का यह बयान आस्था पर सीधा प्रहार है, जो किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
विरोध प्रदर्शन में दीपेंद्र राजभर, मुकेश वर्मा, शैलेंद्र, कृष्ण, बिस्वजीत, अभिषेक, अर्जुन, मोहित राजभर सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। ग्रामीणों ने मांग की कि विधायक को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन ग्रामीणों में गहरा रोष देखने को मिला।