बलिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को उर्वरक एवं बीज की दुकानों पर उपजिलाधिकारी एवं कृषि विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने आकस्मिक निरीक्षण किया। जिले में कुल 24 उर्वरक व बीज दुकानों की जांच की गई और उर्वरक के 15 व बीज के नौ नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
तहसील रसड़ा में एवं बेल्थरारोड में उप जिलाधिकारी बेल्थरा रोड के साथ जिला कृषि अधिकारी द्वारा पांच उर्वरक एवं बीज व्यवसायियों की दुकानों पर छापामारी कर उर्वरक के चार संदिग्ध नमूने एवं बीज के 9 संदिग्ध नमूने लिए गए। तहसील सदर तथा बैरिया में उप जिलाधिकारी के साथ जिला कृषि रक्षा अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से छापेमारी की कार्रवाई की गई एवं उर्वरक के छह संदिग्ध नमूने लिए गए। जिला कृषि अधिकारी विकेश कुमार ने बताया कि गुरुवार को जनपद में कुल 24 उर्वरक एवं बीज व्यवसायियों के प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक छापेमारी कर उर्वरक के 15 एवं बीज के 9 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। बताया कि बीज और खाद की दुकानों पर छापेमारी की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से की जाएगी। बताया कि जिस व्यवसायी द्वारा पीओएस मशीन के माध्यम से नियमानुसार बिक्री नहीं की जाएगी उनके लाइसेंस को निरस्त करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।