बैरिया। रानीगंज बाजार स्थित सब्जी मंडी के सामने मंगलवार की देर रात एक ज्वेलरी की दुकान के गली की ओर से नकब लगाकर चोरों ने लाखों रुपये के सोने व चांदी की जेवरात उठा ले गए। बुधवार की सुबह जब ज्वेलरी दुकान का कारीगर दुकान की सफाई करने पहुंचा तो देखकर हैरान हो गया और शोर मचाने के साथ ही दुकान मालिक कोटवां निवासी शंकर सर्राफ को दी। सूचना पर बैरिया एसएचओ फारेंसिक टीम के साथ पहुंचे और पड़ताल की।
ज्वेलरी दुकानदार के अनुसार रोज सुबह दुकान का कारीगर रामलाल दुकान की सफाई करने पहुंचता है। मंगलवार की शाम को कारीगर रामलाल रोज की तरह दुकान को उनके सामने दुकान बंद कर घर चला गया और सुबह जब कारीगर दुकान की सफाई करने पहुंचा तो दुकान नहीं खुल रहा था क्योंकि चोर दुकान के सामानों को तितर बितर किए थे। किसी तरह फाटक खुला तो देखा कि दीवार में नकब लगाया गया है और तिजोरी का ताला टूटा हुआ है।
तिजोरी से सोने व चांदी के जेवरात गायब हैं। दुकानदार ने सामानों का मिलान कर बताया कि चांदी के पायल, बिछिया आदि सहित चांदी के करीब नौ किलो जेवरात मूल्य करीब साढ़े तीन लाख व सोने के विभिन्न जेवर करीब तीन लाख रुपये तथाोदो हजार रुपये नगदी को चोरों ने चुराया है। बुधवार की सुबह जगन के डेरा के पास करमानपुर मधुबनी जाने वाली सड़क के मोड़ पर चांदी के जेवरात रखने वाले डिब्बे फेंके हुए मिला। दुकानदार शंकर सर्राफ की तहरीर पर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरु कर दी है। उधर, चोरी की सूचना मिलने पर विधायक सुरेंद्र सिंह व भाजपा के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले का जल्द खुलासा करने को कहा।