रामगढ़। गंगा की उफनाती लहरों के चलते सोमवार को दुबेछपरा रिंग बांध करीब 100 मीटर बह गया। मौके का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत व एसपी देवेंद्र कुमार बंधा टूटने का नजारा देखते ही बाढ़ विभाग के साथ मौके से खिसक लिए। किसी तरह पुलिस प्रशासन जनता को काबू करने में जुटा रहा ताकि कोई अनहोनी न हो सके। बंधा टूटने के साथ ही करीब 35 हजार की आबादी चंद मिनटों में एनएच 31 पर आ गई। विभागीय व प्रशासनिक उदासीनता को लेकर लोग कोसते रहे।
अधिकारियों ने कोई अनहोनी न हो सके, इसके लिए लाउडस्पीकर से दुबेछपरा, उदईछपरा व गोपालपुर गांव में घोषणा की कि गांव के लोग तत्काल घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। केंद्रीय जल आयोग गायघाट के अनुसार गंगा का जलस्तर 58.96 मी. दर्ज किया गया। साथ ही प्रति घंटा आधा सेमी का बढ़ाव बना हुआ है।
बताते चलें कि दुबे छपरा रिंग बांध वर्ष 2016 में गंगा की लहरों में बह गया था। इसके बाद सपा के शासन काल में 29 करोड़ रुपये का दो प्रोजेक्ट पास हुआ, जिसमें से एक आरपी कंस्ट्रक्शन द्वारा 21 करोड़ की लागत से करीब 800 मीटर तक जीओ विधि का प्लेटफार्म बनाकर पिचिंग, लाचिंग व एप्रन का कार्य कराया तो दूसरे ठेकेदार ने नौ करोड़ से एक स्पर व लांचिंग, पिचिंग व एप्रन का कार्य कराया था। इस बंधे के बनाने में घोर अनियमितता बरती गई। ग्रामीणों ने पुरजोर इसका विरोध किया लेकिन जनप्रतिनिधियों ने काम की गुणवता को मंच से सही ठहराया। सच सामने आते देर न लगी और यह बंधा 2018 की हल्की बाढ़ में टूट गया।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश देकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। हालात यह है कि इस साल बंधे पर फ्लड फाइटिंग के तहत करीब 40 लाख रुपये का कार्य कराया गया, जिसमें जमकर धन का बंदरबांट हुआ और यह बंधा फिर एक बार गंगा के लहरों में समा गया। इसके कारण उदईछपरा, दुबेछपरा, गोपालपुर, प्रसाद छपरा आदि गांवों की करीब 35 हजार की आबादी पानी से घिर गई। उधर, एक पखवारा पहले भी यह बंधा गंगा का जलस्तर घटने के दौरान कटान से टूटा था। उस समय पर आला अफसरों ने चेताया था कि अगर बंधा टूटा तो बाढ़ विभाग के अधिकारियों की खैर नहीं। हालांकि संयोग अच्छा था जलस्तर कम होने के कारण पानी किसी गांव में नहीं पहुंचा था। अब इस बार बंधा टूटा है और जलस्तर भी बढ़ाव पर है। लिहाजा बड़ी तबाही से इंकार नहीं किया जा सकता।
इनसेट....
सामान लेकर दुबेछपरा ढाले पर पहुंचे लोग
रामगढ़। जैसे ही बंधा टूटने की खबर उर्दछपरा और गोपालपुर के लोगों तक पहुंची, लोग अपने सामान को गाड़ियों और ठेेेलों पर लाद कर दुबेछपरा ढाले पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों के अनुसार यह हालत देर सवेर होनी ही थी। क्योंकि बाढ़ विभाग के अधिकारियों ने जमकर दुबेछपरा रिंग बंधे के काम में अनियमितता बरती थी।
इनसेट....
सैकड़ों एकड़ फसल डूबी
रामगढ़। जैसे ही बंधा टूटा सैकड़ों किसानों की खड़ी फसल जलमग्न हो गई। दशरथ मल्लाह, मुन्ना यादव, मनोज यादव आदि की मानें तो किसी तरह लगान पर खेत लेकर लोग अपना खेती बारी किए थे ताकि परिवार को दो जून की रोटी नसीब हो सके। बंधा टूटने के साथ ही दर्जनों परिवारों के चूल्हे भी ठंडे पड़ गए।
इनसेट...
39 करोड़ खर्च के बावजूद नहीं बचा बंधा
रामगढ़। दुबेछपरा रिंग बंधे पर अब तक कुल 39 करोड़ रुपये खर्च किए गए ताकि दुबेछपरा, उदईछपरा व गोपालपुर के लोगों को बाढ़ व कटान से निजात मिल सके। बाढ़ विभाग के काले कारनामों के चलते उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया। ग्रामीणों का आरोप है कि आखिर किसकी लापरवाही से बंधा टूटा और लापरवाह लोगों के खिलाफ आखिर कब कार्रवाई होगी। गोपालपुर निवासी पंकज तिवारी, ग्राम प्रधान मनोज यादव, मुन्ना यादव, रिंकू तिवारी, स्वामी नाथ तिवारी, मनीष तिवारी, अमित कुमार दुबे आदि ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग डीएम से की है। साथ ही अब तक हुए कार्यों की टीएसी जांच कराने की भी मांग की है।
इनसेट...
गांव के लोग सामान व मवेशियों को लेकर पहुंचे एनएच पर
रामगढ़। बंधा टूटने के साथ ही दुबेछपरा, उदईछपरा, गोपालपुर के सैकड़ों लोग अपने सामान व मवेशियों को लेकर एनएच 31 पर आ गए तो कुछ अपने रिश्तेदारों के यहां सामान व परिजनों को भेजते नजर आए। प्रशासनिक व्यवस्था का आलम यह रहा कि ना तो पहले से बाढ़ शरणालय केंद्र ही बनाया गया था। ना कोई तैयारी ही की गई थी। अननफानन में लार्ड कृष्णा एकेडमी दुबेछपरा में बाढ़ शरणालय केन्द्र खोला गया है, जहॉं देर शाम तक एसडीएम बैरिया दुष्यन्त कुमार पीड़ितों के आने का इंतजार करते रहे।
इनसेट...
पूर्व विधायक ने बंधा निर्माण में अनियमितता का लगाए आरोप
रामगढ़। सपा के पूर्व बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल ने कहा कि हमारी सरकार ने इन गांवों को बचाने के लिए करीब 39 करोड़ रुपये उपलब्ध कराया लेकिन भाजपा के शासन काल में यह बंधा बना। इसमें घोर अनियमितता बरती गई और नतीजा यह हुआ कि यह बंधा बनने के बाद दो बार टूट गया। इस बंधे में अनियमितता बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाए ।
इनसेट...
जांच करा कर कराएं कार्रवाई : सुरेंद्र सिंह
रामगढ़। बैरिया विधायक सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि मैं कटान पीड़ितों के साथ हरपल खड़ा हूं। बंधा में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे। जल्द ही जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कराने का प्रयास किया जाएगा।
इनसेट...
चार माह में बनने वाला बंधा दो साल बाद भी पूरा नहीं
रामगढ़। वर्ष 2017 में दुबेछपरा रिंग बंधा करीब दो किमी में दुबेछपरा पुनरक्षित परियोजना के अंतर्गत बनना था। जिसके तहत 29 करोड़ रुपये खर्च कर बंधे का निर्माण भी किया गया लेकिन चार माह में बनने वाला यह बंधा आज करीब दो वर्ष में भी पूरा नहीं हो सका। इसके पीछे ठेकेदारों का भुगतान नहीं होना रहा।
इनसेट...
स्कूलों में भी घुसा बाढ़ का पानी
रामगढ़। बंधा टूटने के साथ ही गंगा का पानी अमर नाथ मिश्र पीजी कॉलेज दुबेछपरा, पीएन इंटर कॉलेज दुबेछपरा, बालिका विद्यालय दुबेछपरा के साथ ही प्राथमिक विद्यालय गोपालपुर में पहुंच गया। स्कूलों के शिक्षकों ने विद्यालय के कागजात को आनन फानन में सुरिक्षत स्थानों पर पहुंचाया। इन स्कूलों में पढ़ाई भी प्रभावित हो गई।
इनसेट...
बंधा टूटते ही गांवों में मची अफरा तफरी
दया छपरा। शासन प्रशासन के लाख कवायद के बाद भी दुबेछपरा रिंग बांध टूट ही गया। बंधा के टूटते ही अधिकारी से लेकर काम कर रहे मजदूर तक भाग खड़े हुए। बंधा टूटने के कारण गोपालपुर समेत प्रसाद छपरा, आंशिक दया छपरा, जगदेवा व आंशिक टेंगरही के ग्रामीणों में अफरा तफरी मची हुई है।
इनसेट...
जनप्रतिनिधि व बाढ़ विभाग ने लूटे 39 करोड़ : जयप्रकाश
बलिया। दुबेछपरा रिंगबंधा टूटने के बाद सपा के पूर्व विधायक जयप्रकाश अंचल ने आरोप लगाया कि भाजपा के जनप्रतिनिधि व बाढ़ विभाग के आला अधिकारियों ने 39 करोड़ रुपये की लूट की है। पानी के जमीनी सतह से जियो बैग न लगाकर पानी के ऊपरी सतह पर लगाया गया। इससे पानी के वेग को बंधा सहन नहीं कर सका। इस दौरान उन्होंने बैरिया विधायक को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अगर हमारे चरित्र में दम होगा तो गंगा नदी को भी अपनी धारा बदलनी होगी। विधायक इस समस्या को हल करने में कोई रुचि नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने दुबेछपरा रिंग बंधे की सीबीआई जांच की मांग की।
-------------------------------