बेल्थरारोड। वाराणसी मंडल के अंतर्गत आने वाले रेलवे स्टेशनों से संबंधित सांसदों और रेल अधिकारियों की सोमवार को वाराणसी में हुई बैठक में राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर के प्रतिनिधि दीपक वर्मा ने विकास के अनेक उपाय सुझाए। बैठक में वर्मा ने जनता के हितों और सुविधाओं के संबंध में चर्चा करते हुए सांसद राजभर द्वारा लिखित मांग पत्र अधिकारियों को सौंपा।
पत्र में उल्लेख है कि बेल्थरारोड स्टेशन पूरे वाराणसी मंडल में आय के मामले में दूसरा स्थान रखता है जहां से पूरे देश में लोग यात्रा करते हैं। खासतौर पर मुंबई दिल्ली, गुजरात आदि स्थानों के यात्रियों की संख्या अधिक रहती है। उन्होंने नई दिल्ली जाने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस की जर्जर बोगनियों के स्थान पर नई बोगियां लगाने की मांग की। पूर्व प्रधानमंत्री स्व चंद्रशेखर के नाम पर किड़ीहरापुर स्टेशन का नामकरण करने, स्टेशन पहुंचने वाले मार्गों की मरम्मत, वातानुकूलित प्रतीक्षालय के साथ ही शालीमार, बापूधाम और पुणे एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की। बैठक की अध्यक्षता कर रहे महाप्रबंधक ने मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।