बलिया। जिले के 17 विकास खंडों में 1441 क्षेत्र पंचायत सदस्य 10 जुलाई को अपना ब्लाक प्रमुख चुनेंगे। चुनाव की घोषणा होने के साथ ही सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। दावेदार क्षेत्र पंचायत सदस्यों की परिक्रमा करने में जुट गए हैं।
ब्लॉक प्रमुख चुनाव की घोषणा होते ही उम्मीदवार सक्रिय हो गए हैं। लगातार क्षेत्र पंचायत सदस्यों से संपर्क कर उन्हें अपने पक्ष में करने का प्रयास किया जा रहा है। चुनाव कराने के लिए नगरीय निकाय व पंचायत कार्यालय में तैयारी जोर-शोर से चल रही है। ब्लाकवार क्षेत्र पंचायत सदस्यों की फोटो युक्त मतदाता सूची लगभग बना ली गई है। ब्लाक परिसर में ही नामांकन होगा। इसके लिए 17 विकास खंडों में रिटर्निंग आफीसर व सहायक चुनाव अधिकारी तैनात होंगे। इसके लिए प्रशासन की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। जिले के 17 विकास खंडों में कुल 1441 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं, जो 10 जुलाई को अपने मताधिकार का प्रयोग कर अपना ब्लाक प्रमुख चुनेंगे।
आज 11 बजे से ब्लाकों पर होगा नामांकन
जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी बी राम ने बताया कि ब्लाक प्रमुख पद के लिए नामांकन विकासखंड कार्यालयों में बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक होगा। इसी दिन दोपहर तीन बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी। नौ जुलाई को उम्मीदवार सुबह 11 से दोपहर बाद तीन बजे तक पंचायत चुनाव अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। 10 जुलाई को सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। इसके बाद कार्य की समाप्ति तक मतों की गणना की जाएगी।