रामगढ़। विधायक सुरेंद्र सिंह ने बुधवार को गंगा नदी के उस पार पचरुखिया मौजे में चल रहे नदी की धारा मोड़ने के ड्रेजिंग कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान यूपीपीसीएल के अधिकारियों के साथ ही ठेकेदारों की जमकर क्लास लगाई। कहा कि समय कम है हर हाल में संसाधन बढ़ाए जाय और काम में और तेजी लाई जाए ताकि तय समय 30 मई तक काम पूर्ण कर लिया जाए।
अगर समय सीमा के अंतर्गत कार्य पूर्ण नहीं हुआ तो इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से करने के साथ ही ठेकेदार के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। बताते चलें कि गंगा नदी के उस पार पचरुखिया मौजा में नदी की धारा व ड्रेजिंग के दूसरे चरण का कार्य चल रहा है। इस बार नदी के ड्रेजिंग का कार्य यूपीपीसीएल के कंधे पर है जबकि पिछली बार यह कार्य बैराज खंड वाराणसी के जिम्मे था। यह प्रोजेक्ट इस बार करीब 20 करोड़ का है। करीब तीन माह बीतने के बाद भी कार्य 50 फीसदी भी नहीं हो पाया है। न तो मानक के अनुरूप संसाधन ही है न ही यूपीपीसीएल के कर्मचारी व ठेकेदार मानक का ही ख्याल रख रहे हैं। कारण यह है कि यह कार्य नदी के उस पार चल रहा है जहां पर ना तो जल्दी कोई क्षेत्रीय लोग ही पहुंच पाते हैं न अधिकारी ही जल्दी पहुंच पाते। इस मौके पर यूपीपीसीएल अधिकारी दिलीप कुमार गौर, परशुराम सिंह, भूटान सिंह, सुनील कुमार राम आदि रहे।
------------------
पांडेयपुर में किसानों के विरोध के चलते रुका है कार्य
रामगढ़। गंगा नदी की धारा का मोड़ने का काम पचरुखिया मीनापुर मौजा होते हुए पांडेयपुर नवरंगा तक होना है। लेकिन पांडेयपुर के काश्तकारों के विरोध के चलते पांडेयपुर मौजा में काम बंद चल रहा है। अगर कार्य की गति यही रही और किसानों के साथ समझौता नहीं हुआ तो तय समय के भीतर काम पूर्ण होना नहीं दिख रहा है।