बलिया। कोरोना संक्रमण के बीच स्वास्थ्य विभाग की ओर से भले ही जिले में ऑक्सीजन की कमी नहीं होने का दावा किया जा रहा हो, लेकिन धरातल पर सच्चाई कुछ और ही है। जिले की करीब 36 की लाख आबादी के बावजूद ऑक्सीजन उत्पादन की कोई व्यवस्था नहीं है। जबकि जिला अस्पताल और कोविड अस्पताल में प्रतिदिन कम से कम 300 ऑक्सीजन सिलिंडर की खपत है, जबकि उपलब्धता मात्र 155 सिलिंडर की है।
इनमें जिला अस्पताल में 225 और कोविड हास्पिटल में 55 सिलिंडर की खपत है। इसके सापेक्ष जिला अस्पताल में 82 छोटे और 38 बड़े यानि 120 ऑक्सीजन सिलिंडर और 24 ऑक्सीजन कंसट्रेटर उपलब्ध हैं। जबकि वर्तमान में यहां 46 बड़े और 25 छोटे ऑक्सीजन सिलिंडर की जरुरत है।
बसंतपुर स्थित कोविड अस्पताल एल-टू में 55 बेड है, जहां प्रति बेड ऑक्सीजन सिलिंडर आवश्यकता है, लेकिन वर्तमान 35 छोटे ऑक्सीजन सिलिंडर ही उपलब्ध है। इसके अलावा जिला महिला अस्पताल में छोटा व बड़ा मिलाकर कुल 14 ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध हैं, जिसमें दो बड़ा और 12 छोटा है। साथ दो ऑक्सीजन कंसटेटर उपलब्ध है। जबकि प्रतिदिन दो सिलिंडर की खपत है।
जिले में उपलब्धता नहीं होने के कारण मऊ से ऑक्सीजन सिलिंडरों की रिफिलिंग कराई जाती है। लेकिन रिफिलिंग में देर होने से अक्सर जिले में ऑक्सीजन की कमी हो जाती है। जिससे ऑक्सीजन की काला बाजारी करने वालों की खूब चांदी कट रही है।
वर्तमान में खपत के सापेक्ष उपलब्धता कम हुई है। जिससे जिला अस्पताल में ऑक्सीजन सिलिंडर की कमी हो गई है। फिलहाल में 82 छोटे और 38 बड़ा ऑक्सीजन सिलिंडर के अलावा 24 ऑक्सीजन कंसट्रेटर जिला अस्पताल में उपलब्ध हैं। बावजूद इसके वर्तमान में 46 बड़े और 25 छोटे ऑक्सीजन सिलिडर की कमी है।
- डॉ बीपी सिंह, सीएमएस, जिला अस्पताल, बलिया।
----------------
एंबुलेंस में उपलब्ध हैं ऑक्सीजन
जिले के 108 व 102 नंबर एंबुलेंस के प्रभारी अविनाश चंद्र मिश्रा ने बताया कि जनपद में संचालित 108 व 102 एंबुलेंस वाहनों में प्रचुर मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध है। वर्तमान में ऑक्सीजन सिलिंडर की खपत बढ़ गई है, जिससे 20 से 25 सिलिंडर की प्रतिदन खपत हो रही है। आलम यह है कि प्रतिदिन बलिया से 15 से 20 कोरोना मरीज रेफर किए जा रहे हैैं। बताया कि 10 सिलिंडर को अतिरिक्त में भरवाकर रख दिया गया है। इसके अलावा अगर किसी एंबुलेंस में ऑक्सीजन समाप्त हो गया तो उसे रिफिलिंग के लिए भेज दिया जाता है। बताया कि एंबुलेंस में ए, बी व सी तीन ऑक्सीजन सिलिंडर होते है। बताया कि जिले में 108 की 38 तथा 102 की 38 एंबुलेंस संचालित हैं। इसके अलावा चार एडवांस लाइफ सिस्टम एंबुलेंस हैं। जिसमें वेंटिलेटर की सुविधा आदि उपलब्ध हैं।
----
जिला अस्पताल में लगेगा ऑक्सीजन प्लांट, मिली स्वीकृति
बलिया। जिले में लगातार बढ़ रही ऑक्सीजन की मांग को देखते हुए शासन ने गंभीरता से लेते हुए जिला चिकित्सालय में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की स्वीकृति दी है। इस संबंध में बीते सप्ताह जिला प्रशासन की ओर से शासन को पत्र लिखा गया था। जिसका संज्ञान लेते हुए सरकार ने एक सप्ताह के अंदर आक्सीजन प्लॉट लगाने की मंजूरी दी है। सीएमओ डॉ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि शासन की ओर से जारी अनुमति पत्र मिल गया है और प्रयास है कि एक सप्ताह के अंदर जिला अस्पताल परिसर में ऑक्सीजन प्लांट को स्थापित कर उसे चालू करा दिया जाए। बताया कि प्लांट के चालू हो जाने के उपरांत जनपद में ऑक्सीजन की कमी दूर हो जाएगी।
---
अजीत ओझा