बलिया। कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने को लेकर करीब एक पखवारा से जिले में कोरोना कर्फ्यू लागू है। लेकिन यह फरमान केवल कागजों तक सिमट कर रह गया है। बाजारों में जहां भीड़ उमड़ रही है वहीं, आदेश का पालन कराने वाले जिम्मेदार भी नहीं दिखते।
कोरोना संक्रमण पर काबू के लिए प्रदेश सरकार की ओर से 17 मई तक कोरोना कर्फ्यू की मियाद बढ़ा दी गई है। इस दौरान जरूरी सेवाओं को छोड़कर सभी दुकानों को बंद करने का निर्देश जारी किया गया है। साथ ही कर्फ्यू के दौरान बेवजह बाहर निकलने पर सख्त कार्रवाई का आदेश दिया गया है, लेकिन मंगलवार को शहर में इसका खास असर नहीं दिखा। बेकाबू होते जा रहे कोरोना संक्रमण को मात देने और प्रतिदिन मिल रहे संक्रमित मरीजों की संख्या को कम करने के लिए सरकार की ओर से लगाए गए कोरोना कर्फ्यू के दौरान बाजारों में बेतहाशा भीड़ हो रही है। मंगलवार को तो बाजार में इस कदर भीड़ रही कि सोशल डिस्टेंसिंग भी तार-तार हो गया। इतना ही नहीं शहर के हर मार्ग पर कमोवेश यही स्थिति रही और कई चौराहों पर तो जाम की स्थिति रही। हालांकि कोरोना कर्फ्यू को लेकर शहर के सभी मार्गों पर पुलिस की तैनाती की गई थी लेकिन इसके बावजूद आवाजाही जारी रही।
खुली रहीं दुकानें, होती रही खरीदारी
बाजार में जरूरी सेवाओं के अलावा अन्य दुकानें भी खुली रही और लोग खरीदारी करते रहे। कोई दुकान का पिछला दरवाजा खोलकर तो कोई दुकान के बाहर ताला बंद कर बगल के गेट या खिड़की खोलकर सामानों को बेचता रहा। नगर के स्टेशन रोड से लेकर चौक शहीद पार्क, लोहापट्टी, गुदरीबाजार, बड़ा गड़हा, सिनेमा रोड, आर्यसमाजरोड, कासिम बाजार, विशुनीपुर आदि स्थानों पर लोगों की काफी भीड़ रही।