बलिया जिले के बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने मंगलवार को समर्थकों के साथ तहसील में पहुंचकर उपजिलाधिकारी सुरेश कुमार पाल को तीन पत्रक सौंपे। उन्होंने इब्राहिमाबाद गांव में सुदिष्ट बाबा मेला क्षेत्र की 200 एकड़ जमीन पर फर्जी तरीके से नाम चढ़वाने वालों पर कार्रवाई की मांग की।
पत्रक में उन्होंने कुछ लोगों पर इब्राहिमाबाद उपरवार में फर्जी तरीके से लगभग दो सौ एकड़ जमीन अपने नाम कराने का आरोप लगाया। कहा कि फर्जी तरीके से नाम चढ़वाने वालों से ही सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के भांजे विनय सिंह ने 25 एकड़ जमीन खरीदी है। विधायक ने तहसील परिसर में बाइक पर खड़े होकर संबोधित किया।
उन्होंने ‘द्वाबा को बचाना है, बेईमानों को भगाना है’ का नारा लगवाया। कहा कि खपड़िया बाबा, महाराज बाबा और सुदिष्ट बाबा की भूमि पर भ्रष्टाचारियों के लिए जगह नहीं है। न्याय नहीं मिला तो रैली करेंगे। इसका नाम ‘द्वाबा बचाओ, बेईमान भगाओ होगा’। 18 अगस्त के बाद शहीद स्मारक से इब्राहिमाबाद पशु मेला भूमि तक पैदल मार्च निकालेंगे। विधानसभा सत्र में भी मामले को उठाएंगे।
सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के भांजे और इब्राहिमाबाद पशु मेला स्थल पर 25 बीघा जमीन खरीदने वाले दलकी निवासी विनय कुमार सिंह ने कहा कि विधायक सस्ती लोकप्रियता के लिए लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उनको उन्हीं की भाषा में जवाब देने के लिए मैं और मेरा परिवार तैयार है। सोनबरसा शीतगृह परिसर में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे कई बार कह चुके हैं कि जमीन के सही गलत का निर्णय राजस्व विभाग करेगा। विधायक को शायद अपने ही सरकार में अधिकारियों पर भरोसा नहीं है, इसीलिए लोगों को गुमराह कर रहे हैं।