शिक्षा क्षेत्र बेलहरी के प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर में बीते 19 मार्च मिड डे मील खाने से 139 बच्चे बीमार हो गए थे। इस मामले में मंगलवार को प्राथमिक शिक्षक संघ के नेताओं के दबाव पर अध्यापकों के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर में हुए घटना के बाद से बेलहरी ब्लॉक के सभी शिक्षक लामबंद हो गए थे। शिक्षकों के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ उसी दिन थाने में तहरीर दे दी गई थी। मुकदमा दर्ज न होने पर बीते शनिवार को पूरे बेलहरी ब्लॉक के स्कूलों मेें एमडीएम बंद रखा गया।
सोमवार से ब्लॉक में सभी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में ताला लगाकर सभी शिक्षक बीआरसी हल्दी पर इकट्ठा होकर धरना-प्रदर्शन के साथ अगली रणनीति बनाई। सोमवार को भी ब्लॉक अध्यक्ष अजय किशोर सिंह के नेतृत्व में दर्जनों शिक्षक थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
मंगलवार को मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन पुलिस ने दिया था। मंगलवार को मुकदमा दर्ज नहीं किए जाने पर जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में पहले बीआरसी हल्दी के प्रांगण बैठक कर पूरे जनपद के समस्त विद्यालयों को बुधवार को बंद रखने का निर्णय लिया गया।
जब शिक्षक थाने गए तो पुलिस ने मुकदमा ने पंजीकृत कर लिया था। कुछ देर रुककर मुकदमे की प्रति लेकर शिक्षक वापस लौट गए। इस मौके पर राजेश पांडेय, योगेंद्र उपाध्याय, बृजकिशोर पाठक, मिथिलेश सिंह आदि लोग रहे।