सिकंदरपुर विधायक मो. रिजवी।
सिकंदरपुर। बस स्टेशन से नहर मार्ग होते हुए सिकिया–देवकली तक जाने वाली सड़क की बदहाली को लेकर क्षेत्रवासियों को राहत मिली है। ग्राम समूह पेयजल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त हुई इस सड़क की स्थायी मरम्मत कराए जाने का आश्वासन शासन ने दिया है।
सपा के विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी ने इसके लिए विधानसभा में मंगलवार को नियम-301 के तहत प्रश्न उठाया था। उत्तर में शासन की ओर से जानकारी दी गई है। शासन ने स्पष्ट किया है कि उक्त मार्ग पर जल वितरण प्रणाली के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य कराया जा रहा है। मार्ग की कुल लंबाई लगभग 5.5 किमी है। 5.10 किमी में पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा किया जा चुका है। पाइपलाइन डालने के दौरान सड़क पूरी चौड़ाई में क्षतिग्रस्त हो गई थी। आमजन के आवागमन में बाधा न हो, इसके लिए फिलहाल सड़क को अस्थायी रूप से समतल किया गया है। पाइपलाइन की हाइड्रो टेस्टिंग पूरी होते ही प्राथमिकता के आधार पर सड़क की स्थायी मरम्मत कराई जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। आश्वासन के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लंबे समय से खराब सड़क से परेशान राहगीरों और मोहल्ले के लोगों ने जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई है।