बलिया। समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस ) से प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों के त्वरित गुणवत्तापरक निस्तारण में प्रदेश में माह जून में जिले को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इस पर एसपी ओमवीर सिंह ने आईजीआरएस शाखा की पूरी टीम को पुरस्कृत किया। आईजीआरएस प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ला को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। लगातार तीसरी बार प्राप्त प्रथम स्थान मिला है।
शासन द्वारा चलायी जा रही आईजीआरएस के तहत पुलिस कार्यालय से लगाया थाना व ऑनलाइन 1559 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। एसपी ओमवीर सिंह के निर्देशन में आईजीआरएस सेल ने सभी थाना प्रभारियों से समन्वय स्थापित कर समस्त शिकायतों का निर्धारित समय में निष्पक्ष व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया। तत्परता पूर्वक आख्या भी अपलोड की गई। इसके फलस्वरूप जून में प्रदेश में बलिया को लगातार तीसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। एसपी ने टीम के उपनिरीक्षक शिवचंद्र यादव, बालचंद्र मौर्य, काॅस्टेबल रोहित कुमार, शोविंद मौर्य, सतीश यादव, महिला काॅस्टेबल सीमा यादव, गरिमा सिंह, गीतिका मौर्या, वंदना को पुरस्कृत किया।