बलिया। ददरी मेले में झूलों के लिए 1 करोड़ 30 लाख रुपये की बोली लगी, यह पिछले साल से 47.90 लाख रुपये अधिक है। विगत वर्ष 2024 में 82.10 लाख रुपये में नीलामी हुई थी।
गंगा बहुद्देशीय सभागार में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज की अध्यक्षता में ददरी मेले में लगने वाले झूलों व प्रदर्शनी की खुली नीलामी हुई। सीडीओ ने बताया कि यह ददरी मेले के इतिहास में झूलों की अब तक की सर्वाधिक बोली लगी है। इससे न केवल मेले की आय में अभूतपूर्व वृद्धि होगी, बल्कि मेला प्रबंधन को और सुदृढ़ करने में भी मदद मिलेगी। सीडीओ ने इस पारदर्शी प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए समिति के सभी सदस्यों को आभार व्यक्त किया। नीलामी की प्रक्रिया को यू-ट्यूब के माध्यम से लाइव प्रसारित किया गया। उन्होंने कहा कि ददरी मेला अब नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। इस मौके पर सीआरओ त्रिभुवन, अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार आदि मौजूद थे।
बारिश ने तैयारी में डाला खलल : कार्तिक पूर्णिमा स्नान व ददरी मेला आयोजन की तिथि करीब आती जा रही है। 5 नवंबर को गंगा में कार्तिक पूर्णिमा स्नान के साथ ददरी का मेला शुरू हो जाएगा। प्रशासनिक अमला तैयारियों में लगा है। मेले में दुकान लगाने के लिए ट्रक से सामान लेकर दूर दराज के व्यापारी पहुंचने लगे हैं। लेकिन बारिश के कारण मेला क्षेत्र में नहीं जा पा रहे हैं। ददरी मेला व कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए तीन दिन पहले अधिकारियों ने भूमि का सीमांकन किया था लेकिन अभी तक दुकानदारों को आवंटित नहीं किया गया है। सीआरओ त्रिभुवन ने बताया कि सारी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। बारिश थमते ही मेला अपने स्वरूप में आने लगेगा।
ददरी मेला प्रभारी बने अमरजीत : ऐतिहासिक ददरी मेला में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मेला बाजार थाना के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत यादव को बनाया है। सहायक प्रभारी ददरी मेला उपनिरीक्षक राजू राय को बनाया है। ददरी मेला इस बार जिला प्रशासन लगा रहा है। सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान है। यहीं कारण है कि मेला प्रभारी व सहायक मेला प्रभारी की नियुक्ति की गई है। पुलिस थाना के अलावा मेले में पुलिस चौकी भी स्थापित की जाएगी। सुरक्षा को लेकर वाराणसी जोन के पुलिसकर्मी व पीएसी की जवान मुस्तैद होंगे। इसके अलावा धुड़सवार भी तैनात रहेंगे। मेला में सुरक्षा को लेकर सीसी टीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे 24 घंटे निगरानी होगी। संवाद