थाना क्षेत्र के रजौली गांव में शनिवार की देर शाम निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र पर एक परिवार द्वारा कब्जा करने का प्रयास किया गया। सूचना पर पहुंची 100 नंबर पुलिस पर भी कब्जा करने वालों ने पथराव कर दिया। वहीं, पास ही एक झोपड़ी में आग लगा दी गई। जिससे उसमें रखा समान जलकर राख हो गया।
निर्माणाधीन आंगनबाड़ी के पास ही गांव के नकलू तुरहा तथा चंद्रमा तुरहा की जमीन है। दोनों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शनिवार की रात को अचानक नकलू के परिजन निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र को अपनी जमीन में होने की बात कहते हुए कब्जा करने लगे। यह देख पास ही स्थित चंद्रमा तुरहा ने 100 नंबर पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तभी कब्जा करने वालों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरु कर दिया। ग्रामीणों की मानें तो हो-हंगामा देख पुलिस मौके से कुछ दूर पहले ही रुक गई। जिससे कब्जेदारों द्वारा किए जा रहे पथराव से वह बच गई।
उधर, निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र के पास ही सरल तुरहा की झोपड़ी में किसी ने आग लगा दी। आग लगाए जाने के चलते झोपड़ी में रखे घर-गृहस्थी के सामान जल गए।
बांसडीह के क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा है तो जांच करा कर दोषी लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।