दुबहर। थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की रात एक नाबालिग छात्रा को जलाने का प्रयास किया गया। गंभीर रुप से झुलसी छात्रा को परिजनों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। शनिवार की सुबह घटना की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ मौके पर पहुंच गए और छात्रा के पिता से पूछताछ की। एसपी के निर्देश पर दुबहर थाने की पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और छात्रा से पूछताछ की। छात्रा के पिता की तहरीर पर दुबहर थाने में हत्या का प्रयास, छेड़खानी व पॉक्सो एक्ट के तहत नामजद मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
बताया जाता है कि एक गांव निवासी 16 वर्षीय छात्रा कक्षा नौ में पढ़ती है। आरोप है कि शुक्रवार की देर रात गांव के ही युवक ने उसके शरीर में आग लगा दिया। जलती छात्रा के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर पहुंचे परिजनों ने किसी तरह आग बुझाया और इलाज के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने स्थिति गंभीर देख वाराणसी रेफर कर दिया। छात्रा के पिता ने आरोप लगाया है कि पड़ोस में रहने वाला युवक मेरी लड़की को बराबर तंग करता रहता था। जिससे वह हमेशा मानसिक रूप से परेशान रहती थी। उसने ही बीती रात मेरी बेटी को जलाया है। बताया कि छत पर उसके चिल्लाने की आवाज सुन जब हम लोग पहुंचे तो वह आग से जल रही थी और छटपटा रही थी। उसकी आग बुझाने में मेरा एक हाथ भी गंभीर रूप से जल गया है। सूचना पर शनिवार की सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन की और अस्पताल पहुंच कर छात्रा का बयान लिया। उधर, शनिवार को दोपहर में पुलिस अधीक्षक देवेंद्रनाथ, अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार, सीओ सिटी अरुण कुमार व थाना प्रभारी अनिल चंद्र तिवारी मौके का मुआयना किया। पुलिस के अनुसार मुुख्य आरोपी समेत दो को गिरफ्तार कर लिया गया है।
छात्रा के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दो आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। मामले की जांच चल रही है।
- देवेंद्र नाथ, एसपी, बलिया