बैरिया। असामाजिक तत्वों ने घर में सो रहे पूरे परिवार को जिंदा जलाने की नियत से घर की कुंडी को बाहर से बंद कर दिया। दरवाजे पर रखे फसल के बोझ में आग लगा दी। आहट मिलने पर परिवार के लोग दीवार गिराकर घर से बाहर निकले और सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस घटनास्थल का वीडियो बनाकर वापस लौट आई। पीड़ित ने तहरीर दी है।
घटना बैरिया थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के पकड़िया टोला की है। होमगार्ड राजमंगल यादव उर्फ छट्ठू यादव बुधवार की रात को खाना खाकर पूरे परिवार के साथ घर में सो रहे थे। कुछ असामाजिक तत्वों ने घर का कुंडी बाहर से बंद कर दी। दरवाजे पर रखे गए फसल के बोझ में आग लगा दी। लेकिन बोझ जलने के बाद परिवार वाले सजग हो गए। राजमंगल यादव की नींद खुल गई।
देखा कि घर के बाहर आग धधक रही है। दीवार गिराकर पूरे परिवार को बाहर निकाला। घटना की सूचना पुलिस को दी। प्रभारी कोतवाल सुशील कुमार दुबे ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच के लिए एसआई पन्ने लाल को जांच सौंपी गई है। संवाद