समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि वह नोटों पर देवताओं की तस्वीर छापने की वकालत कर आरएसएस की ही भाषा बोल रहे हैं।
बलिया में बृहस्पतिवार रात मीडिया से बातचीत के दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा, अरविंद केजरीवाल को न तो भारतीय संविधान की समझ है और न ही वह धर्मनिरपेक्ष भारतीय संविधान का सम्मान करना जानते हैं। मौर्य ने दावा किया, केजरीवाल की भाजपा और आरएसएस से मिलीभगत स्पष्ट हो गई है। केजरीवाल वही बोल रहे हैं, जो आरएसएस उनसे बुलवा रहा है। सपा नेता ने कहा कि देश में 34 करोड़ देवी-देवता हैं और यदि दो की तस्वीर नोटों पर छाप देंगे तो शेष देवी-देवताओं का क्या होगा।
गौरतलब है कि केजरीवाल ने बुधवार को एक कार्यक्रम में कहा था कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार से अपील करते हैं कि हमारे नोटों पर एक तरफ महात्मा गांधी की तस्वीर है, यह जिस स्थिति में है, वैसी ही रहे, लेकिन दूसरी तरफ भगवान गणेश और लक्ष्मी के चित्र छपे होने चाहिए।