बेल्थरारोड। फेसबुक पर हिंदू देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी करना युवक को महंगा पड़ गया। इस मामले में पुलिस ने अखिल भारतीय क्षत्रिय युवा सभा के जिलाध्यक्ष राजीव सिंह टिल्लू की तहरीर पर तीन युवकों के खिलाफ दर्ज केस दर्ज करने के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो आरोपी फरार चल रहे हैं।
मालूम हो कि फेसबुक पर हसनत खान द्वारा हिंदू धर्म की आराध्य देवी मां दुर्गा पर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया था। जिस पर उभांव थाना क्षेत्र के कुंडैल ढाला निवासी मुसीम इमरान और सलमान अली द्वारा अभद्र टिप्पणी की गई। इस मामले में अखिल भारतीय क्षत्रिय युवा सभा के जिलाध्यक्ष राजीव सिंह टिल्लू और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस को अलग-अलग तहरीर देकर हिंदू धर्म की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उभांव थानाध्यक्ष योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि इस मामले में आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी सलमान अली को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश के लिए पुलिस द्वारा संभावित स्थानों पर दबिश की कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।