बलिया। युवती का अपहरण कर भगाने वाले आरोपी अवधेश यादव पुत्र रामजी यादव निवासी सहरोजा (सहुलाई) थाना पकड़ी को इंदरपुर नहर के पास से पुलिस ने गिरफ्तार संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
पकड़ थाना क्षेत्र के एक गांव की पीड़िता के पिता ने थाने में तहरीर दी थी कि मेरी 17 वर्षीय पुत्री प्रतिदिन की भांति चार जनवरी को ललित कृष्ण वुमेन इंस्टीट्यूट थाना गड़वार पढ़ने जा रही थी। इसी बीच इंदरपुर नहर के पास से अवधेश यादव व उसके साथियों ने पुत्री का अपहरण कर जबरदस्ती हाथ, पैर और मुंह बांधकर साथ लेकर भाग गए थे, जो पांच जनवरी 2021 को भोर में करीब 3.30 बजे सहुलाई ताल में बेहोशी हालत में मिली थी। तहरीर के आधार पर पुलिस संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। इस बीच शनिवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चौकी ताखा प्रभारी ने हमराहियों संग इंदरपुर चट्टी से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जो कही फरार होने के फिराक में था। वहीं अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।