जयप्रकाश नगर। जयप्रकाशनगर में स्थित प्रभावती देवी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक व फार्मासिस्ट के विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
वायरल वीडियो फार्मासिस्ट आशुतोष त्रिपाठी व डॉ. पवन कुमार का बताया जा रहा है। गुलाबी रंग की शर्ट पहने डाॅ. पवन सिंह फार्मासिस्ट पर पर्चा पर लिखी दवा न देने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं, फार्मासिस्ट चिकित्सक पर बाहर की दवा लिखने का आरोप लगा रहे हैं। वीडियो को सोशल मीडिया पर एक लाख से ज्यादा लोगों ने देखा। वायरल वीडियो पर डॉ. पवन सिंह ने कहा कि फार्मासिस्ट लोकल होने के कारण द्वेष रखते हैं। उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत करा दिया है। वहीं, फार्मासिस्ट आशुतोष त्रिपाठी ने कहा कि चिकित्सक मरीजों की पर्ची पर बिना डायग्नोसिस दवा लिखते हैं, साथ में बाहर की दवा ज्यादा लिखते हैं। इस बाबत प्रभारी सीएमओ डॉक्टर आनंद सिंह ने कहा कि इस मामले की जानकारी नहीं है, पता कर जांच करवाई जाएगी।