बलिया। अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत सितम्बर के सापेक्ष आवंटित खाद्यान्न का मुफ्त वितरण एवं अंत्योदय कार्डधारकों को तीन माह जुलाई, अगस्त व सितंबर को तीन किलोग्राम चीनी प्रति कार्ड 18 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से वितरण किया जाएगा। जिले में ई-वेइंग लिंक्ड ई-पास मशीनों से 10 से 25 सितंबर के मध्य वितरित किया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी देव मणि मिश्रा ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए अंत्योदय कार्डधारकों को चीनी प्रदान की जा रही है। निर्धारित समय में अंत्योदय लाभार्थियों को प्रति कार्ड 14 किलोग्राम गेहूं एवं 21 किलोग्राम चावल (कुल 35 किग्रा खाद्यान्न) और पात्र गृहस्थी राशन कार्डों से संबद्ध यूनिटों पर एक किलो गेहूं व चार किग्रा चावल प्रति यूनिट (कुल पांच किलोग्राम खाद्यान्न प्रति यूनिट) का मुफ्त वितरण लाभार्थियों में सुनिश्चित कराया जाएगा। अंत्योदय कार्डधारकों को जुलाई, अगस्त व सितंबर के सापेक्ष तीन किलोग्राम चीनी प्रति कार्ड 18 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से 54 रुपये में वितरण किया जाएगा। लाभार्थी अपनी मूल दुकान से ही चीनी प्राप्त कर सकेंगे। योजना अंतर्गत वितरण की अंतिम तिथि 25 सितंबर होगी।