सोमवार को नौरंगा में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों से रुबरु जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगरौत।
- फोटो : अमर उजाला
जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने सोमवार को नौरंगा में चौपाल में ग्रामीणों से रूबरू हुए। गांव वालों की मांग पर भरोसा दिलाया कि जल्द ही बाढ़ खण्ड के अधिकारियों संग आएंगे, प्रोजेक्ट बनवाएंगे और उसको पास कराने के लिए हर स्तर पर सिफारिश करेंगे। कहा कि बाढ़ कटान के बचाव प्राथमिकता में रहेगी। उन्होंने गांव में आवंटित गैस एजेंसी में आ रही बाधा को भी जल्द दूर कराने का आश्वासन दिया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सभी से अपील किया कि शौचालय बनवाएं और 12 हजार की प्रोत्साहन राशि पाएं। विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि बाढ़ विभाग बरसात शुरू होने का इंतजार कर रहा है। लेकिन अगर अभी से कटानरोधी काम नहीं हुआ तो बाद में कोई भी काम कारगर नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा कि हर घर मे शौचालय बनवाकर गांव को ओडीएफ किया जाए।
चौपाल शुरू होते ही गांव में हुए विकास कार्यों का सत्यापन होना शुरू हुआ। इस दौरान एकमात्र चिकित्सा व्यवस्था को छोड़ दिया जाए तो बाकी सब ने गांव वालों ने जीरो नंबर ही दिया गांव में तैनात डॉ. नवीन कुमार सिंह की विधायक समेत पूरे गांव वालों ने तारीफ की।
विधायक ने डॉक्टर का सम्मान भी किया। परिषदीय विद्यालय में अध्यापक के नहीं आने की शिकायत मिली। बैरिया तहसील के उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी इसके बारे में अपने ही चिकित्सक की शिकायत करते हुए कहा कि नौरंगा में तैनात पशु चिकित्सक डॉ. महेश विगत दस महीनों से कभी नहीं आए। जिलाधिकारी ने चिकित्सा को निलंबित करने की बात कही।