क्षेत्र इब्राहिमाबाद नौबरार (अठगांवा) के कटान स्थल का औचक निरीक्षण मंगलवार को सांसद भरत सिंह ने बाढ़ विभाग के अधिशासी अभियंता पीसी यादव और सहायक अभियंता अंबिका यादव के साथ किया। कहा कि केंद्र सरकार की ओर से कटानरोधी काम में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।
सांसद ने अधिशासी अभियंता यादव से पूछा कि कटान रोधी कार्य कब तक कराया जाएगा। इस पर उन्होंने बताया कि कटान रोधी कार्य किसी भी स्थिति में 30 अप्रैल तक शुरू कर दिया जाएगा। जो पुराने निविदा हुए थे, उसको निरस्त कर एक-दो दिन में नया निविदा कर दिया जाएगा।
यादव ने बताया कि इस प्रोजेक्ट का पैसा अवमुक्त हो चुका है लेकिन अभी भी और पैसे की आवश्यकता है। बताया कि नाबार्ड से इब्राहिमाबाद (अठगांवा) के लिए और दस करोड़ रुपये की मांग की गई है। इस पर सांसद ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में धन का अभाव नहीं होने दिया जाएगा।
इसके लिए खुद प्रधानमंत्री और विभागीय मंत्री से बात करूंगा। उन्होंने विभागीय और ठेकेदाराें से जल्द कटानरोधी कार्य कराने को कहा। इस मौके पर प्रधान बच्चा जी यादव, राकी सिंह, जितन सिंह, तारकेश्वर सिंह, सुरेश सिंह, भोला सिंह, तारकेश्वर गोंड, मंटू बिंद, बब्लू सिंह, धर्मेंद्र सिंह सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।