बैरिया/जयप्रकाशनगर। बैरिया तिराहे पर सोमवार की रात वाहन चेकिंग के दौरान रोकने पर पशु तस्करों ने चौकी इंचार्ज अजय कुमार पर पिकअप चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास किया। चौकी इंचार्ज ने किसी तरह जान बचाई। अंधेरे का फायदा उठाकर पशु तस्कर भाग गए। मामले में अज्ञात चालक व तस्कर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
वाहन चेकिंग के दौरान पशु तस्करों ने चौकी इंचार्ज अजय कुमार पर पिकअप चढ़ाने की कोशिश की। किसी तरह उन्होंने जान बचाई और चौकी इंचार्ज चांददियर श्याम प्रकाश मिश्र को सूचना दी। इसके बाद पिकअप को पकड़ने के लिए मांझी पिकेट के पास ट्रक खड़ा करके एनएच-31 को बंद कर दिया गया। तेजी से आ रही पिकअप को रोकने का इशारा किया गया। चालक रोड जाम देख पिकअप चांददियर गांव की तरफ लेकर भागने लगा। बाद में पिकअप की स्टेयरिंग लॉक कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग गया।
पीछे से जब पुलिस पहुंची तो देखा कि पटरे से ढके गए पिकअप में क्रूरता पूर्वक सात संरक्षित मवेशी भरे गए थे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें उतारा और ग्रामीण के सुपुर्द किया। पुलिस ने पिकअप को थाने में खड़ा कराया। मामले में अज्ञात चालक व तस्कर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है।गाड़ी के चालक व पशु तस्करों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।