गड़वार। कार्डधारकों से अधिक मूल्य वसूलने और घटतौली के आरोप में घोसवती ग्रामसभा के कोटेदार पर कार्रवाई नहीं होने पर शिकायत कर्ताओं ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
गांव के मधुरेश, तेतरी, संतोष कुमार सिंह, रामाश्रय राम, विजय तिवारी ने कोटेदार पर राशन का अधिक मूल्य लेने और घटतौली का आरोप लगाया था। अधिकारियों को कमीशन देने की बात को स्वीकार करते हुए वीडियो उपजिलाधिकारी सदर व डीएसओ को व्हाट्सएप पर भेजा था। एक माह बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जबकि पूर्व में पूर्ति निरीक्षक संजीव कुमार द्वारा की गई जांच में कोटेदार दोषी पाया गया था। इस बाबत पूर्ति निरीक्षक संजीव कुमार ने कहा कि कोटेदार के खिलाफ उपजिलाधिकारी सदर की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। दो दिनों के अंदर कोटेदार ने आरोप पत्र का जवाब नहीं दिया तो उचित कार्रवाई की जाएगी।