जयप्रकाश नगर। बैरिया थाना क्षेत्र के बलराम सिंह के डेरे के पास बुढ़वा पुल पर पूर्व विधायक के काफिले में शामिल लोगों की पिटाई से क्षुब्ध युवकों और ग्रामीणों ने बैरिया-मांझी मार्ग जाम कर दिया। इससे आवागमन करीब एक घंटे बाधित रहा। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी अरुण कुमार सिंह के समझाने बुझाने पर जाम समाप्त हुआ।
दोकटी थाना क्षेत्र के कर्ण छपरा गांव निवासी ऋतुराज सिंह व देवेश सिंह के अनुसार दोनों बाइक से बुधवार की सुबह गांव से टोला शिवन राय चट्टी पर बाल कटवाने के लिए गए थे। वापस लौटते समय जिन्न बाबा स्थान के समीप पीछे से आ रही पिकअप ने इन लोगों को धक्का मार दिया। इन लोगों ने भाग रहे पिकअप का पीछा करते बुढ़वा पुल के समीप उसको पकड़ लिया। पिकअप चालक से तूतू मैंमैं होने लगी। तब तक पीछे से पूर्व विधायक का काफिला आ गया। ऋतुराज और देवेश का आरोप है कि पूर्व विधायक और उनके समर्थकों ने उन्हें पीट दिया गया। इससे क्षुब्ध युवकों ने एनएच-31 को जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक सड़क का आवागमन बाधित रहा। चौकी प्रभारी अरुण कुमार सिंह के समझाने बुझाने पर जाम समाप्त हुआ। थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने कहा कि अभी तक मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।