चिलकहर। गड़वार थाना क्षेत्र के ब्लाक मुख्यालय चिलकहर पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक व्यक्ति ने एपीओ के सामने ही प्रधान पति की दो अंगुलियों को दांत से काटकर अलग कर दिया। इसके बाद जब तक लोग कुछ समझते वह मौके से फरार हो गया। मामले में सुधीर कुमार सिंह की तहरीर के आधार पर बिरहा भाटी निवासी सुरजीत व ईसारी निवासी पप्पू के खिलाफ गड़वार थाने में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।
चिलकहर विकास खंड मुख्यालय पर चिलकहर के प्रधान के पति सुधीर कमार सिंह किसी काम को लेकर पहुंचे थे। वे वहां एडीओ पंचायत से बात रहे थे। उसी समय बिरहा भाटी निवासी सुरजीत वहां पहुंचा और प्रधान पति से किसी बात को लेकर उसकी कहासुुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि हाथापाई की नौबत आ गई। इसी बीच युवक ने सुधीर की दो अंगुलियों को मुंह में डाल लिया और दांत से काट कर अलग कर दिया। इसके बाद ब्लॉक में अफरा-तफरी मच गई। इस बीच युवक वहां से गायब हो गया। सूचना पर पहुंचे घर वालों ने आनन-फानन में सुधीर को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों अंगुलियों के दोबारा जुड़ने की संभावना से इंकार कर दिया, क्योंकि अंगुलियों के कटे भाग को युवक ने बुरी तरह से चबा डाला था। इस घटना से इलाके के प्रधानों में काफी आक्रोश है।