चौकियामोड़। नई कार का पूजन अर्चन करने गए वाहन मालिक के ढाई वर्षीय बेटे का गाड़ी के दरवाजे के शीशे में गर्दन दब गई। इससे उसकी मौत हो गई। उभांव थाना क्षेत्र के चंदाडीह गांव स्थित मातुजी महारानी मंदिर पर सोमवार की शाम को यह घटना हुई।
मझौवा (चकिया) गांव निवासी रवि ठाकुर नई कार खरीदने के बाद सोमवार को चंदाडीह गांव स्थित मातुजी महारानी मंदिर पर परिवार के साथ पूजन अर्चन करने गए थे। गाड़ी का आधा शीशा खुला हुआ था। रोशन ठाकुर का ढाई वर्षीय इकलौता बेटा रेयांश गाड़ी के दरवाजे के शीशे पर गर्दन रखकर बंदरों को देख रहा था। इसी बीच कार चालू करते समय शीशा अचानक बंद हो गया। इसमें रेयांश की गर्दन कार के दरवाजे के शीशे में दब गई और वह अचेत हो गया। आनन फानन में परिजन प्राथमिक उपचार कराने के बाद मऊ लेकर चले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने कहा कि इस बाबत कोई जानकारी नहीं है।