बलिया। नगर पालिका के वार्ड नं.19 के सभासद यशवंत सिंह ने मंगलवार को जिलाधिकारी को पत्र देकर नालों में एंटी लार्वा का छिड़काव करने तथा नालों की सफाई के नाम पर अधिशासी अधिकारी व नपा अध्यक्ष पर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया है।
पत्र में उल्लेख किया है कि नगर पालिका परिषद में 2023-24 में नगर के नालों की सफाई के लिए लगभग 30 लाख रुपये का टेंडर हुआ था। जबकि वर्ष 2024-25 में नालों की सफाई व एंटी लार्वा के नाम पर 50 लाख का टेंडर दिया गया है। बीते 2-3 वर्षों में नए नालों का निर्माण तक नहीं हुआ है, बल्कि 2023-24 से लगभग सात किलोमीटर नाला घटा है। अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी की मिलीभगत से 20 लाख से अधिक की अनियमितता की गई। 2023-24 में 30-35 नाले दिखाए गए थे। 2024-25 में उसी नाले को छोटे-छोटे करके 48 नाला दिखाए गए हैं। नाले की सफाई ठीक से नहीं कराया जा रही हैञ केवल नाले की छनाई की जा रही है। उन्होंने मामले की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
वित्तीय अनियमितता का आरोप निराधार है। नगर पालिका की ओर से नाला सफाई को लेकर कोई भुगतान नहीं किया गया है। जब भुगतान हुआ नहीं तो वित्तीय अनियमितता कैसे हो गई। जब तक सभी वार्ड के सभासद एनओसी नहीं देंगे तबतक भुगतान नहीं किया जाएगा। साथ ही मेरे ऊपर अनर्गल आरोप लगाने पर सभासद को मानहानि का नोटिस दूंगा।
संत कुमार ऊर्फ मिठाई लाल, अध्यक्ष नगर पालिका, बलिया।