बलिया जिले के नगरा क्षेत्र के गड़वार मोड़ पर मंगलवार रात पास न मिलने पर बाइक सवार सिपाही और नशे में धुत तांगा चालक में विवाद हो गया। इसके बाद तांगा चालक ने साथियों के साथ पिटाई कर सिपाही का सिर फोड़ दिया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों का चालान कर दिया। बाकी की तलाश की जा रही है।
नगरा थाना क्षेत्र के सरायचावट गांव का एक तांगा चालक रात में चार-पांच साथियों के साथ बाजार स्थित शराब भट्ठी पर आया। यहां सभी ने शराब पी और फिर तेज गति से तांगा भगाते हुए गांव की ओर लौटने लगे। रात लगभग साढ़े 11 बजे रास्ते में रोशन शाह दाता की मजार के पास थाने का एक सिपाही सिविल ड्रेस में बाइक से बाजार की तरफ आता दिखा।
बाइक और तांगे दोनों की रफ्तार तेज होने के कारण बाइक सवार सिपाही तांगे से टकराते-टकराते बचा। आरोप है कि इसको लेकर सिपाही तांगा चालक और उसके साथियों को गालियां देने लगा। जवाब में तांगा चालक और उसके साथियों ने भी गालियां दी।
इससे गुस्साए सिपाही ने तांगा चालक के एक साथी की पिटाई कर दी। इस पर तांगा चालक और उसके साथियों ने सिपाही को गड़वार मोड़ पर देख लेने की धमकी दी। फिर सिपाही उनका पीछा करते हुए गड़वार मोड़ पर पहुंचा और तांगा चालक की पिटाई कर दी।
यह देख तांगा चालक और उसके साथियों ने गांव से कुछ लोगों को बुला लिया और सभी ने मिलकर सिपाही की पिटाई कर दी, जिससे सिपाही का सिर फट गया। इसके बाद सभी फरार हो गए। सिपाही थाने पहुंचा और तो मामले की जानकारी होते ही आरोपियों की धरपकड़ शुरू की गई। पुलिस रात में ही मारपीट में शामिल दो युवकों खिचड़ी और मुन्ना को पकड़ा और थाने ले आई। थाने में उनकी पिटाई के बाद बुधवार को दोनों को शांतिभंग की धारा के तहत चालान किया गया।
एक गांव के कुछ युवकों ने शराब के नशे में सादी वर्दी में जा रहे सिपाही से शरारत की थी। उनके दो साथियों का चालान किया गया है। बाकी की तलाश की जा रही है।
यादवेंद्र पांडेय, थाना प्रभारी, नगरा थाना