बलिया। आगामी त्योहारों पर होने वाली यात्रियों की भीड़ के मद्देनजर रेल संरक्षा यात्रियों की सुरक्षा के लिए सतर्कता सुनिश्चित करने हेतु अपर महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे विनोद कुमार शुक्ल ने मंडल रेल प्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शनिवार को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों को देखा और जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
एजीएम विनोद शुक्ल ने यात्रियों की भीड़ के मद्देनजर स्टेशन प्रबंधन, भीड़ प्रबंधन, टिकट वितरण प्रणाली, प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा यात्री सुख सुविधाओं एवं अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की। प्लेटफार्म, फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट, सामान्य यात्री हाल, अनारक्षित टिकट काउंटर, वाटर बूथ, सफाई, सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, स्टेशन भवन के सुधार, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश एवं निकास द्वार का निरीक्षण किया।
इस दौरान संबंधित अधिकारी को सर्कुलेटिंग एरिया के विस्तार में तेजी लाने, गोल पार्क को छोटा करने, प्रवेश एवं निकास का मार्ग पृथक करने, प्लेटफाॅर्म पर सीमांकन करने, टिकट काउंटर पर कतारबद्ध विक्रय कराने, गाड़ियों को निर्धारित प्लेटफार्मों पर लेने, अनाउंसमेंट सिस्टम से लगातार सूचनाएं प्रसारित करने को कहा। प्लेटफाॅर्म पर एक स्थान पर भीड़ नहीं एकत्रित होने देने तथा भीड़ अवधि में स्टेशन को साफ सुथरा रखने हेतु अलग अलग शिफ्ट में साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।
स्टेशन परिसर में चल रहे अमृत भारत स्टेशन विकास योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति देखी और कार्य योजना नक्शे का अवलोकन कर विकास कार्यों का संज्ञान लिया। लिफ्ट को जल्द शुरू कराने को कहा। यात्री आरक्षण केंद्र के काउंटरों एवं एटीवीएम कियॉस्क का निरीक्षण कर उन्होंने अनारक्षित टिकट एटीवीएम से लेने हेतु प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस रामाकृष्णन, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (द्वितीय) विनीत कुमार, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर रजत प्रिय, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) पंकज केशरवानी आदि मौजूद रहे।