बलिया। शेरे बलिया चित्तू पांडेय के गांव रट्टूचक (सागरपाली) गांव में तेल और गैस मिलने की संभावना पर ओएनजीसी की ओर से चल रहा खोदाई का काम पूरा हो गया है। जमीन की सतह से तीन हजार मीटर नीचे से निकाला गया सैंपल जांच के लिए देहरादून भेजा गया है।
जांच रिपोर्ट आने पर आगे काम होगा। कंपनी ने चार किमी दूर बनरही में अजय सिंह के खेत को लीज पर लेकर मशीनें लगाई जा रही हैं। यहां भी तीन हजार मीटर जमीन के अंदर खोदाई होगी। रट्टूचक प्लांट में सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। जिले में अन्य स्थानों पर भी खोदाई के लिए सर्वे चल रहा है। ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन लिमिटेड (ओएनजीसी) की विशेष सर्वे टीम पूरे देश में सैसमिक सर्वेक्षण कार्य में जुटी है। करीब आठ वर्ष पूर्व उत्तराखंड, यूपी व बिहार के गंगा के तटवर्ती इलाके में सैसमिक सर्वेक्षण किया गया था।
ओएनजीसी कंपनी की ओर से सीआरएस फंड के माध्यम से क्षेत्र के सार्वजनिक व धार्मिक स्थानों पर सोलर लाइट लगवाई जा रही है। आरूही संस्थान के माध्यम से क्षेत्र के कई विद्यालयों को गोद लेकर वहां कंप्यूटर उपलब्ध कराया गया है। स्वास्थ्य कैंप भी लगाए गए।
खोदाई क्षेत्रों के आसपास सार्वजनिक स्थानों व अस्पतालों में वाटर कूलर लगाया गया। एक तरह से तेल की खोज में इलाके को शिक्षा, विकास, रोजगार के लिए ऊर्जा मिल रही है।