बलिया। पिछले कई दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। गुरुवार की शाम को अचानक मौसम फिर बदला और तेज हवा के साथ ओले व बारिश हुई। शुक्रवार को भी पूरे दिन आसमान में बादल रहे और शाम को फिर तेज हवा के साथ बारिश हुई। शनिवार को कुछ देर के लिए धूप तो निकली लेकिन कोई असर नहीं रहा और पूरे दिन ठंड का असर रहा। शाम को तो गलन में भी काफी इजाफा हो गया। हालांकि तापमान शुक्रवार की तरह ही शनिवार को भी अधिकतम तामपान जहां 18 डिग्री रहा वहीं न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम के बदलने व कड़ाके की ठंड के बीच शनिवार को भी सुबह में कोहरा घनघोर रहा और काफी देर बाद छंटा। इसके बाद पूरे दिन आसमान में रुक-रुक बादल मंडराते रहे और धूप का असर भी तेज पछुवा के आगे असर कारक नहीं रहा। लोगों को कहीं भी आना-जाना मुश्किल भरा काम रहा। शनिवार की शाम को हवा के कारण गलनभरी ठंड से लोग बेहाल रहे। बहुत जरूरी होने पर ही लोग घरों से निकले। इसके अलावा बाजारों में भी लोग जल्द खरीदारी कर घरों को निकल लिए। उधर, लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड के कारण आलू फसल को लेकर किसान चिंतित हैं। किसानों का कहना है आलू की फसल में झुलसा रोग लगने लगा है। यही स्थिति रही तो ठंड से आलू की फसलें प्रभावित होंगी और पैदावार भी प्रभावित होगा।