हैबतपुर गांव में अधिवक्ता सत्येंद्र कुमार राय के घर 15 लाख रुपये की चोरी का खुलासा अब तक न होने से साथी वकीलों में गहरी नाराजगी है।
शुक्रवार को क्रिमिनल एंड रेवेन्यू बार, सिविल बार एवं जूनियर एसोसिएशन बार की ओर से अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी यशवंत राव को तीन सूत्री ज्ञापन सौंपा। इसके बाद देवेंद्र नाथ मिश्र की अध्यक्षता में क्रिमिनल बार एसोसिएशन के सभागार में एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में क्रिमिनल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र नाथ मिश्र ने कहा कि अधिवक्ता सत्येंद्र कुमार राय के घर भीषण चोरी के बावजूद भी पुलिस लापरवाही बरत रही है, जो निंदनीय है।
अधिवक्ता शैलेंद्र कुमार सिंह से एक करोड़ की रंगदारी मांगने के प्रकरण में सुरक्षा मुहैया कराने की मांग बार-बार की जा रही है लेकिन पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई है।
इससे अधिवक्तागणों में आक्रोश है। अधिवक्ता शुक्रवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे। चेताया कि अगर तीन दिन के अंदर शैलेंद्र कुमार सिंह को प्रशासन द्वारा सुरक्षा मुहैया नहीं कराई जाता है तो वे आरपार की लड़ाई के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर विनोद सिंह, कौशल सिंह, शैलेश सिंह, देवेंद्र मिश्र, गोरखनाथ, लक्ष्मण यादव, संतोष यादव, प्रकाशचंद्र राय, उपेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह, रामकृष्ण यादव, सुभाषचंद्र श्रीवास्तव आदि रहे।