बलिया। अब जिला और महिला अस्पताल से मरीजों को रेफर किए जाने पर चिकित्सक पर कार्रवाई हो सकती है। डीएम ने सीएमओ को जिला अस्पताल से मरीजों को अनावश्यक रूप से बाहर रेफर नहीं करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। इसमें स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में सुधार लाने और सभी पात्र बच्चों एवं लाभार्थियों का नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर जिले की रैंकिंग संतोषजनक नहीं है। उन्होंने सभी पात्र लाभार्थियों को योजना का पैसा शत-प्रतिशत भेजने के निर्देश दिए।
जिन लाभार्थियों के बैंक खाते उपलब्ध नहीं हैं, उनके खाते खुलवाने के लिए आशा बहुओं की मदद लेने को कहा। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जिला अस्पताल से मरीजों को अनावश्यक रूप से बाहर रेफर नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक बेहद जरूरी न हो, मरीज को बाहर रेफर न किया जाए। इस संबंध में किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए। सीडीओ आलोक कुमार, सीएमओ डॉक्टर अभय कुमार राय, स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
पीएचसी अधीक्षक के समर्थन में उठाई आवाज
बलिया। मनियर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक और महिला स्वास्थ्यकर्मियों के बीच चल रहे विवाद को लेकर शुक्रवार को कस्बे के चेयरमैन प्रतिनिधि, सभासद समेत अन्य लोगों का प्रतिनिधिमंडल मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षक के स्थानांतरण पर रोक लगाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। श्रीनिवास मिश्र ने कहा कि पीएचसी अधीक्षक 24 घंटे स्वास्थ्य केंद्र पर मौजूद रहते हैं। प्रतिनिधिमंडल का आरोप था कि कुछ एएनएम सप्ताह में तीन से चार दिन ड्यूटी से गायब रहती हैं, जिससे मरीजों को परेशानी के साथ शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ भी प्रभावित हो रहा है। प्रतिनिधिमंडल में श्रीनिवास मिश्र, चेयरमैन प्रतिनिधि अमृतेश सिंह अंटू, कंचन सिंह, सभासद कमलेश उपाध्याय, राजकुमार गुप्ता, अभिमन्यु कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद