नरहीं थाना क्षेत्र के बघौना गांव में असलहे की फैक्ट्री चलाने के आरोपी को
मंगलवार को सीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। सायंकाल वह चकमा
देकर पुलिस कस्टडी से भाग निकला।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस
अधीक्षक राजू बाबू सिंह ने छह पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है।
कार्रवाई से पुलिस कर्मियों में हड़कंप है। नरहीं थाने के बघौना निवासी
भरत राम के घर गत एक दिसंबर की रात छापेमारी कर असलहा बनाने की फैक्ट्री का
भंडाफोड़ किया गया था।
पुलिस टीम ने पांच हजार के इनामी बदमाश बांसडीह
थाना क्षेत्र के बिगहीं निवासी बेचू राम, बैरिया थाना क्षेत्र के शोभाछपरा
निवासी पिंटू कुमार सिंह और नरहीं थाना क्षेत्र के बघौना निवासी भरत राम को
गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया था।
मंगलवार को इस मामले के
आरोपी बेचू राम की सीजेएम कोर्ट में पेशी थी। पेशी के बाद बेचू को जेल ले
जाने की तैयारी चल ही रही थी। इसी बीच पुलिस को चकमा देकर वह कस्टडी से भाग
निकला।
पुलिस अधीक्षक राजू बाबू सिंह ने मामले में पेशी के दौरान ड्यूटी
में लगाए गए चार कांस्टेबिल शिवबचन यादव, जयप्रकाश, विश्वनाथ सिंह, शिवधनी
राम के अलावा संतोष कुमार यादव और सतीश विशाल को निलंबित कर दिया है।