बलिया। अपना दल के जिलाध्यक्ष पंकज पटेल ने सीएमएस डॉ. एसके यादव को शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया है कि जिला अस्पताल के इमरजेंसी ट्रामा सेंटर में दवा व जांच की सुविधा होने के बावजूद डॉक्टर जानबूझकर मरीजों को महंगी दवा और बाहर की जांच लिखते हैं। इससे गरीब और मध्यमवर्गीय मरीजों पर आर्थिक बोझ पड़ता है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गंभीर मरीजों को वाराणसी बीएचयू या लखनऊ के बड़े अस्पतालों में रेफर करने के बजाय मऊ स्थित एक निजी अस्पताल में भेजा जाता है। प्रति एंबुलेंस लगभग पांच हजार रुपये तक का कमीशन लिया जाता है। चार चिकित्सकों की शिकायत कर मरीजों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। बताया कि स्वामीनाथ साहनी, शम्भूनाथ पटेल, विजेन्द्र कुमार फेफना, राकेश पासवान, राजेश पटेल, मिथिलेश पटेल बांसडीह, महेश चौधरी, बब्बलू मनियारी जसांव, अर्जुन वर्मा नसीराबाद आदि शोषण का शिकार हुए हैं। पंकज पटेल ने जिला प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
अस्पताल में दवा व जांच निशुल्क है। खून व सीटी स्कैन जांच की 24 घंटे सुविधा है। किसी मरीज ने शिकायत नहीं की है। एक शिकायत मिली है, उसकी जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. एसके यादव, सीएमएस, जिला अस्पताल।