बेल्थरारोड (बलिया)। मालीपुर गौवापार निवासी विशाल गुप्ता की आत्महत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। उसकी मां अंजू देवी ने देवरिया जनपद के मईल थाना में दर्ज कराई गई शिकायत में बेटे को मानसिक प्रताड़ना, अपहरण, फिरौती और ब्लैकमेलिंग के जरिये आत्महत्या के लिए मजबूर करने का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार विशाल 28 मई को केदारनाथ यात्रा पर गया हुआ था। इस दौरान 30 मई को सूचना मिली कि उसकी दादी का निधन हो गया है। विशाल दो जून को घर लौटा। इस बीच गांव के कुछ लोगों ने विशाल पर एक लड़की को भगाने का आरोप लगाया।
तहरीर के अनुसार पांच जून को बेल्थरारोड और मखदुमपुर के दो युवक लड़की के मां-बाप से मिलकर विशाल को गोरखपुर ले गए। वहां उसे जबरन बंधक बनाकर उसकी अश्लील वीडियो बनाई गई और 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई।
रुपये नहीं देने पर वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने और एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी गई।
किसी प्रकार विशाल छह जून को घर लौटा, लेकिन वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुका था। गत आठ जून को विशाल भागलपुर पुल पर पहुंचा और सरयू नदी में छलांग लगा दी।
आत्महत्या से पहले विशाल ने एक वीडियो बनाकर ऑनलाइन अपलोड किया, जिसमें उसने खुद को निर्दोष बताया। परिजनों ने आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार पर कठोर सजा देने की मांग की। संवाद