बैरिया। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के क्लेम की धनराशि मृतका के पति से सादा विड्राल पर हस्ताक्षर कराकर निकाल लिए जाने के आरोप बैंककर्मियों पर लगाया गया है। साथ ही कार्रवाई के लिए थाने में शिकायत की गई है।
घटना रेवती थाना क्षेत्र के श्रीनगर स्थित पूर्वांचल बैंक की शाखा का है। श्रीनगर की बासमती देवी पत्नी छोटेलाल वर्मा का इस बैंक में बचत खाता था। इस खाते में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 330 रुपये प्रतिवर्ष वाला बीमा था। खाताधारक बासमती देवी की मौत के बाद बीमा के दो लाख रुपये नियमानुसार उनके पति छोटेलाल वर्मा मिलने चाहिए थे। छोटेलाल वर्मा का आरोप है कि बैंक के कुछ कर्मचारियों ने सादे विड्राल पर धोखे से उसका हस्ताक्षर कराकर एक लाख 31 हजार रुपये निकाल लिया है। शेष धनराशि उनके खाते में अब भी है। उस खाते को बैंककर्मियों ने होल्ड कर दिया है। अपने भुगतान के लिए बार-बार बैंक का चक्कर लगाने के बाद भी जब उन्हें बैंककर्मियों ने पैसे नहीं दिए। इस मामले में सोमवार को छोटेलाल वर्मा ने रेवती थाने में सोमवार को शिकायती पत्र देकर बैंक कर्मियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच करने की बात कही है।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के लाभार्थी की मौत पांच माह पूर्व हो गई थी। इसकी सूचना छोटेलाल वर्मा ने बैंक शाखा को दी थी। बैंक शाखा द्वारा संबंधित विभाग से उसके क्लेम की बीमा राशि खाते में मंगवा ली गई थी, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। इस संबंध में पूर्वांचल बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अशोक शुक्ला ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, जांच हो रही है। अगर जांच में बैंककर्मी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।