बलिया। मुंबई के पनवेल सिटी पुलिस व वाराणसी एसटीएफ की संयुक्त टीम ने रविवार को महाराष्ट्र के व्यापारियों से गुंडा टैक्स मांगने व जान से मारने की धमकी देने के मामले में कुंवर सिंह चौराहा से आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक मोबाइल, जिससे धमकी दी गई थी बरामद किया।
गड़वार थाना के जिगनी गांव निवासी बृजेश चौहान मुंबई में एक व्यापारी के फार्म हाउस पर काम करता था। कुछ दिन बाद मालिक ने काम से हटा दिया। इसके बाद बृजेश ने व्यापारी प्रशांत प्रभाकर दलवी तथा चन्द्रकांत अर्जुन को व्हाट्सएप के माध्यम से वीडियो काॅल की। पिस्टल दिखाते हुए फिरौती मांगी। फिरौती नहीं देने पर बेटे का अपहरण करने और हत्या की धमकी दी। थाना पनवेल सिटी (महाराष्ट्र) में दोनों व्यापारियों ने रंगदारी मांगने के मामले में शिकायत की। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
वांछित की गिरफ्तारी के लिए पनवेल सिटी पुलिस द्वारा अभिसूचना को साझा करते हुए एसटीएफ उप्र से सहयोग मांगा गया था। शैलेश प्रताप सिंह, पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ फील्ड इकाई के निर्देश पर वाराणसी के एसटीएफ निरीक्षक अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम गिरफ्तारी में लग गई। इसी क्रम में रविवार को उपनिरीक्षक शहजादा खां एसटीएफ वाराणसी व पनवेल सिटी के सहायक निरीक्षक प्रकाश अर्जुन पवार, हेड कांस्टेबल संदेश मातरे व मिथुन भोसले ने कुंवर सिंह तिराहा रामपुर के पास से बृजेश चौहान को गिरफ्तार कर लिया। बृजेश चार भाइयों में तीसरे नंबर का है, एक वर्ष पूर्व पिता की मौत होने के बाद कुछ दिन बाहर कमाने गया था। वापस आकर मां के साथ रहता था।