लेखपाल भर्ती परीक्षा की तैयारियों को लेकर शनिवार की शाम जिलाधिकारी मुरली मनोहर लाल की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय में समस्त जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान अफसरों को परीक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देंश दिए गए।
जिलाधिकारी मुरली मनोहर लाल ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र के अंदर कोई भी मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री नहीं जानी चाहिए। सिर्फ परीक्षार्थी ही नही, बल्कि कक्ष निरीक्षक, सुपरवाईजर, केंद्र व्यवस्थापक, यहां तक कि स्टेटिक मजिस्ट्रेट के पास भी मोबाइल नहीं रहेगा।
सेक्टर मजिस्ट्रेट या उड़नदस्ता टीम भी केंद्र के अंदर मोबाइल बंद करके ही जाएगी। डीएम ने कहा कि परीक्षा की शुचिता सबसे महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी पूरे मनोयोग से परीक्षा सम्पन्न कराने में अपना योगदान दें। उन्होंने आवागमन की बेहतरी पर विशेष जोर दिया।
रोडवेज एआरएम को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रूटीन के अलावा अतिरिक्त बसें चलाने का निर्देश दिया। साथ ही रोडवेज की कैंटीन में अतिरिक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध रखने को कहा। एआरएम ने बताया कि बलिया से मऊ व बलिया से बेल्थरारोड की तरफ लगातार बसें चलती रहेंगी।
साथ ही ताकीद की कि रोडवेज व रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों के लिए सुविधा केंद्र बनाकर जिम्मेदार कर्मी को रखा जाय, जो सेंटरों के संबंध में जानकारी देता रहे। डीएम ने कहा कि रेलवे व रोडवेज आपस में बात करके ऐसी व्यवस्था कर लें जिससे रेलवे स्टेशन पर बसों की जानकारी और रोडवेज पर ट्रेन की जानकारी मिल जाय।
इसके अलावा डीएम ने जीआरपी थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि रात में स्टेशन पर विशेष नजर रखी जाय साथ ही महत्वपूर्ण जगहों पर पेयजल की बेहतर व्यवस्था हो। रेलवे स्टेशन, रोडवेज पर नगरपालिका के टैंकर हों। सभी सीओ को ताकीद किया कि बाहरी छात्रों से वाहन वाले मनचाहा भाड़ा न वसूल सकें।
ऐसी शिकायत मिलने पर सम्बन्धित पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने सीएमओ डॉ.पीके सिंह को निर्देश दिया कि रेलवे स्टेशन पर एंबुलेंस व एक मेडिकल टीम अवश्य रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के कुल 42 सेंटरों पर 53 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। बैठक में पुलिस अधीक्षक राजूबाबू सिंह ने कहा कि प्रत्येक सेंटर पर एक एसआई व पांच कांस्टेबल रहेंगे।